यूरोपीय संसद ने एक प्रस्ताव पारित कर यमन में भीषण अतिक्रमण के लिए सऊदी अरब पर शस्त्रों के प्रतिबंध की मांग की है।
मंगलवार को यूरोपीय संसद के सदस्यों ने इस प्रस्ताव के हक़ में 359 वोट दिए, जबकि 212 वोट इसके विरोध में पड़े।
इस प्रस्ताव में यूरोपीय संघ के सदस्य देशों से मांग की गई है कि रियाज़ को हथियार बेचना बंद करें, क्योंकि वह यमन में आम नागरिकों को निशाना बना रहा है।
इस प्रस्ताव के बाद, ग्रीन यूरोपीयन फ़्री एलाइंस के विदेश मामलों के प्रवक्ता एलिन स्मिथ ने कहा कि सऊदी अरब के ख़िलाफ़ हथियारों के प्रतिबंध की मांग से स्पष्ट होता है कि यमन में सऊदी वायु सेना के हमलों के प्रति निराशा बढ़ रही है।
उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब अमरीका के अलावा, सबसे अधिक हथियार फ़्रांस और ब्रिटेन से ख़रीदता है।
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों के पास इस बात के पुख़्ता सुबूत हैं कि रियाज़ इन हथियारों द्वारा यमन में मानवाधाकिकारों का बड़े पैमाने पर हनन कर रहा है।
यमन पर सऊदी अरब के हमलों में बड़ी संख्या में बच्चों और महिलाओं समेत हज़ारों लोग हताहत हो चुके हैं।